Breaking News

जबलपुर के निजी अस्पताल में भीषण आग, चार लोगों की मौत, शिवराज ने घोषित किया मुआवजा

http://pioneerhindi.com/storage/article/xyToAnPK9nSEFe0L3gl2P9iLCaXMYuT6EZTcfEta.webp

मध्यप्रदेश के जबलपुर में चंडाल भाटा क्षेत्र में न्यू लाइफ मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में सोमवार दोपहर को आग लग गई। थोड़ी ही देर में उसने विकराल रूप ले लिया। इसमें कई मरीज झुलस गए। चार लोगों की मौत की खबर आ रही है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चला है। फायर ब्रिगेड आग पर काबू करने का प्रयास कर रही है। पुलिस और प्रशासन के बड़े अधिकारी भी मौके पर हैं। जबलपुर के कलेक्टर इलैया राजा ने कहा कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। साथ ही उन्होंने जांच के आदेश दे दिए हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने जबलपुर की घटना पर दुख प्रकट किया है। मध्यप्रदेश सरकार ने मरने वालों के परिवारों के लिए पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। सूत्रों के मुताबिक नौ से अधिक मरीज गंभीर रूप से झुलसे हैं। कम से कम चार लोगों की मौत हुई है। आग लगने के बाद मरीजों और अस्पताल के स्टाफ में चीख-पुकार मच गई। अस्पताल में फंसे मरीज और उनके परिजनों को निकालने के लिए बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं। घटनास्थल पर मौजूद कलेक्टर इलैया राजा ने चार मौतों की पुष्टि की है। उन्होंने यह भी कहा कि मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है। मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की जाएगी। हमारा पहला फोकस आग पर काबू पाना और मरीजों व परिजनों को बचाना है।



मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया पर कहा कि जबलपुर के एक अस्पताल में भीषण अग्नि दुर्घटना का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। स्थानीय प्रशासन और कलेक्टर से निरंतर संपर्क में हूं। मुख्य सचिव को संपूर्ण मामले पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। राहत एवं बचाव के लिए हरसंभव प्रयास किये जा रहे हैं। जबलपुर के न्यू लाइफ अस्पताल में आग से हुई दुर्घटना में अमूल्य जिंदगियों के असमय निधन के समाचार से हृदय दु:ख से भरा हुआ है। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति देने एवं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। दु:ख की इस घड़ी में शोकाकुल परिवार स्वयं को अकेला न समझें,मैं और संपूर्ण मध्यप्रदेश परिवार के साथ है। राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी। घायलों के संपूर्ण इलाज का व्यय भी सरकार वहन करेगी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि जबलपुर के एक निजी अस्पताल में आग लगने से कई लोगों की मृत्यु होने और बहुत से लोगों के हताहत होने का समाचार प्राप्त हुआ। यह अत्यंत पीड़ादायक घटना है। मैं मृतकों की आत्मा की शांति की प्रार्थना करता हूं। अग्निकांड में झुलसे लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

ताज़ा समाचार

Categories