Breaking News

महाराष्ट्र में अब तक 99 लोगों की मौत, गुजरात के आठ जिलों में रेड अलर्ट

http://pioneerhindi.com/storage/article/Jtfw4QhDTLvmGOH1AmrqTuV8Ad1hbcmyKeEDdYYn.jpg

देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश से जिंदगी अस्त-व्यस्त हो गई है। गुजरात के कई इलाके भीषण बाढ़ की चपेट मे हैं। यहां के आठ जिलों में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। महाराष्ट्र में बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं। दो बांधों से पानी ओवरफ्लो होने के कारण पूर्णा नदी का जलस्तर बढ़ गया हैं। वहीं मुंबई की ओर जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग को बंद कर दिया गया है। इसके अलावा डांग और कच्छ में भी दो नेशनल हाईवे बंद करने पड़े हैं। 


गुजरात में भारी बारिश और बाढ़ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह लगातार नजर रखे हुए हैं। यह जानकारी गुजरात भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल ने दी। उन्होंने बताया, वायु सेना के दो हेलीकॉप्टरों व एनडीआरएफ की टीम ने आज सुबह से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। 


महाराष्ट्र के पालघर, पुणे व सतारा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, नासिक, कोल्हापुर, अकोला, अमरावती, भंडारा, बुलढाणा, चंद्रपुर, गढ़चिरौली, गोंदिया, नागपुर, वर्धा, वाशिम और यवतमाल में आज येलो अलर्ट जारी किया है। 


महाराष्ट्र में भारी बारिश के कारण देर रात चार लोगों की मौत हो गई। राज्य आपदा प्रबंधन के मुताबिक, बाढ़ और बारिश के कारण यहां अब तक 99 लोगों की मौत हो गई है। लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए एनडीआरएफ की कुल 14 टीमें और 6 एसडीआरएफ को तैनात किया गया है। अब तक 7,963 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। 


महाराष्ट्र में बाढ़ के कारण कई लोग फंस गए हैं। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के प्रयास जारी हैं। मैं बारीकी से निगरानी कर रहा हूं। सभी अधिकारी मेरे संपर्क में हैं। सभी डीएम मैदान में हैं। हमारी सरकार लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। 


महाराष्ट्र में भारी बारिश के कारण वर्धा नदी उफान पर है। इस कारण महाराष्ट्र और तेलंगाना को जोड़ने वाली सड़क जलमग्न हो गई है। चंद्रपुर शहर के कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात हैं। 


गुजरात बीते एक सप्ताह से बारिश का सितम झेल रहा है। यहां लगातार हो रही बारिश से कई इलाके बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, यहां के आठ जिलों सूरत, जूनागढ़, गिर, भावनगर, तापी, डांग, वलसाड और नवसारी में रेड अलर्ट जारी किया गया है। 

ताज़ा समाचार

Categories